बगहा। कुम्हिया ग्रिड की बुधवार को कथित मनमानी और बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने से क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ता रहा, घंटों बिजली गुल रहने के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिजली समस्या को लेकर एसडीओ और विभागीय अभियंता से शिकायत करने पर लगातार जल्द आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया जाता रहा, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। बिजली की अनियमित आपूर्ति से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि विभागीय अधिकारियों से कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। लोगों ने बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर कुम्हिया ग्रिड की व्यवस्था दुरुस्त कराने और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।


















