बगहा।विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को बगहा स्थित लवकुश मैरेज हॉल में गोंड समाज की ओर से भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वाल्मीकिनगर विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा के भाई ध्रुप कुशवाहा ने आदिवासी समाज का ध्वज फहराकर किया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष एवं समाजसेवी मौजूद रहे।
समारोह में उपस्थित लोगों ने जल, जीवन, जमीन, संस्कृति, भाषा और सामाजिक एकता की रक्षा का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस मनाने का उद्देश्य आदिवासी समाज की समृद्ध परंपरा, संस्कृति, भाषा और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
वक्ताओं ने कहा कि सरकार की ओर से गोंड समाज के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर समाज को अब भी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। समाज के लोगों ने शिक्षा, रोजगार, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और अधिकारों के लिए संगठित होकर आवाज बुलंद करने की आवश्यकता जताई।समारोह में वक्ताओं ने राजनीतिक भागीदारी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। कहा गया कि बिहार में गोंड समाज की आबादी पांच लाख से अधिक होने के बावजूद अब तक इस समाज का कोई विधायक नहीं बन सका है। इसे समाज के लिए गंभीर चिंतन का विषय बताते हुए राजनीतिक एकजुटता बढ़ाने पर जोर दिया गया।कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों एवं समाज के प्रमुख लोगों को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। समारोह में समाज की एकता और अधिकारों को लेकर लोगों में उत्साह दिखा।
इस मौके पर सुरेंद्र गोंड, संतोष गोंड, दिलीप कुमार राणा (प्रदेश महासचिव, राजद एवं प्रदेश अध्यक्ष सह अखिल भारतीय गोंड महासभा), हरेन्द्र गोंड, संजय गोंड, हृदयानंद गोंड, भोला गोंड, लालबाबू गोंड, तरुण गोंड, होसिला गोंड, मनबोध गोंड, विजय गोंड सहित बड़ी संख्या में गोंड समाज के प्रमुख लोग उपस्थित रहे।



















