बगहा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पीएम श्री प्लस टू डीएम एकेडमी, बगहा-1 में छात्र-छात्राओं की प्रतिभा और उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से आयोजित विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने के बाद विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य कर संयुक्त आयुक्त, बगहा शिवनारायण पासवान, विद्यालय के प्राचार्य राकेश कुमार यादव, एनसीसी ऑफिसर देवीदत्त मालवीय एवं संगीत भास्कर रूपेश कुमार पाठक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने वंदे मातरम् का गायन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन एवं उद्घोषणा शिक्षक दीपक राही ने किया।

समारोह में मुख्य अतिथि शिवनारायण पासवान और प्राचार्य राकेश कुमार यादव ने स्वतंत्रता दिवस की विभिन्न गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। सम्मानित होने वालों में पुष्पा कुमारी, प्रिया कुमारी, खुशबू कुमारी, नंदिनी कुमारी, सिमरन कुमारी, विनीता कुमारी, आशु कुमारी, शगुन कुमारी, खुशी कुमारी, गोलू कुमार, कुंदन कुमार एवं दिवाकर कुमार शामिल रहे। वहीं एनसीसी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट केशव कुमार, हिमांशु कुमार, रिशु राज, राकेश कुमार एवं घनश्याम गोड को भी सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि शिवनारायण पासवान ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि हर बच्चे के अंदर अपनी अलग प्रतिभा होती है। जरूरत है कि उन्हें आगे बढ़ने के लिए सही अवसर, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिले। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों, एनसीसी और सामाजिक कार्यों में भागीदारी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को मजबूत बनाती है। सम्मान और पुरस्कार बच्चों को अपनी क्षमता को और बेहतर करने के लिए प्रेरित करते हैं।

प्राचार्य राकेश कुमार यादव ने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों की पढ़ाई के साथ उनके व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि उपलब्धियों का सम्मान करने से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे भविष्य में और बेहतर करने के लिए प्रेरित होते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक देवीदत्त मालवीय, रूपेश कुमार पाठक, सोहराब अंसारी, संजीव कुमार ठाकुर, तमन्ना खातून, सुमन कुमारी, रामरतन प्रजापति, अमित कुमार एवं रमेश कुमार शर्मा सहित विद्यालय के अन्य शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में प्राचार्य राकेश कुमार यादव ने अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं आयोजन से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह सकारात्मक ऊर्जा और विद्यार्थियों के उत्साह के साथ संपन्न हुआ।


















