नौतन प्रखंड मुख्यालय परिसर में गुरुवार को सामाजिक सुरक्षा एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। इस दौरान कुल 11 दिव्यांग लाभार्थियों के बीच बैटरी चालित तीन पहिया वाहनों का वितरण किया गया, जिससे उनके जीवन में नई उम्मीद और आत्मनिर्भरता की राह खुली है।
कार्यक्रम के दौरान नौतन प्रखंड प्रमुख कृष्ण देव चौधरी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर सभी वाहनों को रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इस योजना से दिव्यांगजनों को अपने दैनिक कार्यों, रोजगार एवं आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी।
प्रखंड विकास पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने लाभार्थियों को संबोधित करते हुए यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षा के साथ वाहन का उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार दिव्यांगजनों के उत्थान के लिए लगातार कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है।
वाहन प्राप्त करने वाले लाभार्थियों में नागेश्वर सिंह, मनोज राम, शफीक खान, शोभा देवी, नारायण धाकड़, कन्हैया प्रसाद, सीमा देवी, एमडी रईस और मुखदेव मुखिया सहित अन्य शामिल रहे।
बैटरी चालित तीन पहिया वाहन मिलने के बाद लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी की लहर देखने को मिली। लाभार्थियों ने बताया कि अब उन्हें कहीं आने-जाने के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, जिससे उनका जीवन पहले से अधिक सरल, सहज और सम्मानजनक बनेगा। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रखंड कर्मी एवं ग्रामीण भी उपस्थित रहे।















