कार्यालयों में लंबित कार्यों की समीक्षा, अभिलेखों के समुचित संधारण और त्वरित पुलिस सेवा उपलब्ध कराने का निर्देश
बगहा।चंपारण क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) हरि किशोर राय ने शनिवार को बगहा अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। डीआईजी के बगहा पहुंचने पर पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी दी।

इसके बाद उन्होंने पुलिस केंद्र परिसर सहित अंचल कार्यालय के विभिन्न कार्यालयों का बारीकी से निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने कार्यालयों में संधारित अभिलेखों, पंजियों एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की। उन्होंने लंबित कार्यों की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को कार्यों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। साथ ही अभिलेखों के उचित संधारण और कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता एवं अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया।

डीआईजी हरि किशोर राय ने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।आम लोगों को बेहतर पुलिसिंग और त्वरित सेवा उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों एवं जवानों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी, तत्परता और संवेदनशीलता के साथ करने की बात कही।उन्होंने कहा कि पुलिस कार्यालयों की कार्यप्रणाली व्यवस्थित और प्रभावी रहने से आमजन को पुलिस सेवा का लाभ समय पर मिल सकेगा।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था एवं पुलिसिंग से संबंधित जानकारी भी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार बगहा, सर्किल इंस्पेक्टर नीरज कुमार सहित अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे। डीआईजी के निरीक्षण को लेकर पुलिस केंद्र परिसर में सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्था दुरुस्त रही।


















