अवैध संबंध के विवाद में हत्या का आरोप, गंडक नदी के पानी में फेंका था शव
बगहा। भितहा थाना क्षेत्र में छोटेलाल यादव हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त 2026 को छोटेलाल यादव, पिता वासुदेव यादव का शव संदिग्ध परिस्थितियों में गंडक नदी के छाड़न के उबरा पानी से बरामद हुआ था। मामले में मितहा थाना कांड संख्या 134/26 के तहत 13 अगस्त को प्राथमिकी दर्ज की गई थी।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बगहा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बगहा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मितहा थाना क्षेत्र के मुराडीह टांड़ निवासी रविन्द्र यादव, उम्र करीब 45 वर्ष, पिता स्वर्गीय बलिस्टर यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपी के कथन के अनुसार, मृतक छोटेलाल यादव का उसकी पत्नी के साथ कथित रूप से अवैध संबंध था। 11 अगस्त को आरोपी ने छोटेलाल यादव और अपनी पत्नी को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद उसने पहले अपनी पत्नी के साथ मारपीट की।
पत्नी के वहां से भाग जाने के बाद आरोपी ने छोटेलाल यादव के साथ लाठी से मारपीट की और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।आरोपी ने पुलिस को बताया कि हत्या के बाद शव को अपने घर से करीब 80 मीटर दूर पूर्व-दक्षिण दिशा में स्थित पानी में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक लाठी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार मामले में वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अग्रतर अनुसंधान और विधिसम्मत कार्रवाई जारी है। घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों का भी सत्यापन किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी रविन्द्र यादव को न्यायिक हिरासत मे भेजा गया।छापेमारी टीम में पुलिस निरीक्षक घनश्याम अंचल, मितहा थानाध्यक्ष एवं सशस्त्र बल तथा डीआईयू टीम बगहा शामिल रही।

















