बगहा/वाल्मीकिनगर सांसद सुनील कुमार नें सोमवार को बतया की वाल्मीकिनगर संसदीय क्षेत्र के थारू आदिवासी बहुल दोन क्षेत्र तथा बगहा शहर के कैलाश नगर से आए प्रतिनिधिमंडल ने माननीय गृह मंत्री से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि दोन क्षेत्र के लोग वन विभाग के कई अव्यवहारिक कानूनों और प्रतिबंधों के कारण सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं के संकट से जूझ रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि वन कानूनों के प्रावधानों को मानवीय दृष्टिकोण से आवश्यकतानुसार शिथिल करते हुए क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जाए।

वहीं, बगहा नगर परिषद क्षेत्र के कैलाश नगर में रेलवे की जमीन पर बसे कटाव पीड़ित परिवारों की समस्याएं भी गृह मंत्री के समक्ष रखी गईं। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि जमीन संबंधी स्थिति के कारण इन परिवारों को स्थायी निवास प्रमाण पत्र, आवास, शौचालय समेत कई सरकारी व्यक्तिगत लाभों का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इससे प्रभावित परिवारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने गृह मंत्री से दोनों क्षेत्रों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कराने और प्रभावित लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।



















