
पश्चिमी चंपारण जिले के गौनाहा प्रखंड अंतर्गत गौनाहा पंचायत के वार्ड संख्या चार में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थिति में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृत युवक की पहचान गौनाहा तुरहापट्टी निवासी प्रभु साह के 20 वर्षीय पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई है। घटना गुरुवार की देर रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
मृतक की मां कलावती देवी ने गांव के ही कुछ लोगों पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि विकास गांव से बेलवा में एक बारात में शामिल होने गया था। इसी दौरान गांव के ही राजेश पांडे और उनके बेटों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि बारात में विकास के साथ मारपीट भी की गई थी।
परिजनों के अनुसार देर रात विकास घर लौटकर सो गया था। आरोप है कि इसी दौरान घर में घुसकर उसका गला घोंटकर हत्या कर दी गई। मृतक की मां ने सीधे तौर पर राजेश पांडे और उनके दोनों बेटों को घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में भारी भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
सूचना मिलने पर गौनाहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी जयप्रकाश सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। साथ ही एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और जांच-पड़ताल की। डीएसपी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि परिजनों द्वारा हत्या का आरोप लगाया गया है। परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।





