धनहा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, टेम्पो से 180 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, एक गिरफ्तार
थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में वाहन जांच के दौरान मिली सफलता, टेम्पो भी जब्त
बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत धनहा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 180 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस दौरान एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि शराब ढोने में प्रयुक्त टेम्पो को भी जब्त कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार 6 जुलाई 2026 को धनहा थाना क्षेत्र के धनहा पुल के समीप वाहन जांच एवं गश्ती अभियान के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध टेम्पो को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के क्रम में वाहन से कुल 180 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
धनहा थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। बरामद शराब एवं टेम्पो को जब्त कर लिया गया है। इस संबंध में धनहा थाना में कांड दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

थानाध्यक्ष ने कहा कि शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।













