वाल्मीकिनगर।संवाददाता।वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र में बाघ के हमले में जान गंवाने वाले स्वर्गीय अकलू यादव के परिजनों को वन विभाग द्वारा 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। यह सहायता वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वन प्रमंडल-2) के अधिकारियों ने उपलब्ध कराई। बताया गया कि वाल्मीकिनगर विधायक के प्रयास और पहल के बाद मुआवजा राशि शीघ्र स्वीकृत कर परिजनों को उपलब्ध कराई गई।
विधायक ने बताया कि नौरंगिया एवं सिरीसिया क्षेत्र में बाघ और मगरमच्छ के हमले में मृत अथवा घायल हुए लोगों को भी नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पात्र सभी पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द सहायता राशि उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।इस दौरान विधायक ने जंगल से सटे क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की।
उन्होंने कहा कि बिना पर्याप्त सुरक्षा के वन क्षेत्र या उसके आसपास स्थित खेतों में जाने से बचें तथा अकेले जंगल की ओर न जाएं।
विधायक ने वन विभाग से भी आग्रह किया कि जंगल के आसपास बसे गांवों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि लोगों को जंगली जानवरों से बचाव के उपायों की जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि वन विभाग और स्थानीय प्रशासन के समन्वित प्रयास से मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में कमी लाई जा सकती है तथा ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।



















