बगहा। रामनगर थाना क्षेत्र स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर मंगलवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बाइक और स्कूटी की आमने-सामने हुई टक्कर में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया गया।
घायलों की पहचान रामनगर थाना क्षेत्र के बेला गोला निवासी लालबाबू चौरसिया के 22 वर्षीय पुत्र गुनगुन कुमार, 18 वर्षीय मोहम्मद सलमान खान तथा मुमताज खान के रूप में हुई है। चिकित्सकों के अनुसार गुनगुन कुमार के सिर के पिछले हिस्से सहित शरीर के अन्य भागों में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं अन्य दोनों युवकों की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है। अस्पताल में मौजूद चिकित्सक डॉ. मिथिलेश कुमार तिवारी ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।


दक्षिणी हिस्से में हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार से आ रही बाइक और स्कूटी के चालक एक अज्ञात वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक और स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को सड़क से उठाकर अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक ओवरटेक करने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवरब्रिज पर अक्सर तेज रफ्तार और नियमों की अनदेखी के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से ओवरब्रिज पर यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और नियमित निगरानी की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।


फिलहाल तीनों घायलों का इलाज जीएमसीएच बेतिया में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।















