बगहा। प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने के उद्देश्य से गुरुवार को बगहा सदर विधायक राम सिंह ने पतिलार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में आयोजित कार्यक्रम में टीबी मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना, उनका मनोबल बढ़ाया और नियमित दवा, संतुलित आहार तथा चिकित्सकों के निर्देशों का पालन करने की अपील की।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वास्थ्य विभाग द्वारा विधायक के स्वागत के साथ हुआ। इसके बाद विधायक ने एक-एक कर सभी टीबी मरीजों को पोषण सामग्री उपलब्ध कराई। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल मरीजों को दवा देना नहीं, बल्कि बेहतर पोषण और मानसिक सहयोग देकर उन्हें जल्द स्वस्थ करना भी है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच, नियमित दवा और पौष्टिक भोजन से टीबी का पूरी तरह इलाज संभव है। विधायक राम सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को लेकर गंभीरता से कार्य कर रही हैं। हर मरीज तक नि:शुल्क जांच, दवा और पोषण सहायता पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय तक लगातार खांसी, बुखार, वजन कम होना या कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत सरकारी अस्पताल में जांच कराएं।

उन्होंने समाज से टीबी मरीजों के प्रति भेदभाव नहीं करने और उनका सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि जागरूकता और समय पर उपचार से इस बीमारी को पूरी तरह हराया जा सकता है। विधायक ने स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं और सभी स्वास्थ्यकर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत से गांव-गांव में टीबी मरीजों की पहचान हो रही है और उन्हें समय पर इलाज मिल रहा है। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों ने मरीजों को दवा का पूरा कोर्स बिना बीच में छोड़े पूरा करने तथा प्रोटीन और पोषक तत्वों से भरपूर भोजन लेने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा टीबी का इलाज पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाता है और मरीजों को पोषण सहायता सहित अन्य सुविधाएं भी दी जाती हैं।

पोषण किट प्राप्त करने वाले मरीजों और उनके परिजनों ने विधायक राम सिंह तथा स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की सहायता से आर्थिक सहयोग मिलने के साथ-साथ बीमारी से लड़ने का आत्मविश्वास भी बढ़ता है। इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अर्चना वर्मा, एमओसी प्रभारी राजेश कुमार सिंह, बीएचएम अमरेश कुमार, बीसीएम अशोक कुमार सिंह, क्लर्क सत्येंद्र राम, एएनएम ब्यूटी कुमारी, एएनएम स्वीटी कुमारी, रवि रंजन (सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर), शमशाद आलम (एसटीएलएस), नितेश पाठक, काजू प्रसाद, अमित मिश्रा, राजन यादव, पप्पू राय सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, आशा कार्यकर्ता, अस्पताल कर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य टीबी मरीजों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराना, उनके स्वास्थ्य में सुधार लाना, समाज में जागरूकता बढ़ाना तथा टीबी मुक्त भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाना रहा।














