बगहा एक प्रखंड के चौतरवा चौक स्थित जिओ कंपनी के कार्यालय के समय से नहीं खुलने के कारण उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को भी जिओ कार्यालय सुबह 10:50 बजे तक बंद रहा। कार्यालय के बाहर उपभोक्ता काफी देर तक इंतजार करते रहे, लेकिन कार्यालय का ताला नहीं खुला।
कार्यालय में आवश्यक कार्य कराने पहुंचे उपभोक्ताओं ने बताया कि वे निर्धारित समय पर जिओ कार्यालय पहुंच गए थे। काफी देर तक इंतजार करने के बाद उन्होंने कार्यालय में कार्यरत कर्मी को लगातार फोन कर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कर्मी ने फोन रिसीव नहीं किया। इससे उपभोक्ताओं में नाराजगी देखी गई।
स्थानीय जिओ उपभोक्ता योगी यादव, पशुराम ठाकुर, रमेश ठाकुर, सिपाही राम और छोटू यादव ने आरोप लगाया कि चौतरवा स्थित जिओ कार्यालय में मनमानी का आलम है। उनका कहना है कि कार्यालय नियमित रूप से निर्धारित समय पर नहीं खुलता है। इसके कारण दूर-दराज से आने वाले उपभोक्ताओं को घंटों कार्यालय के बाहर खड़े रहना पड़ता है। कई बार इंतजार करने के बाद उन्हें बिना काम कराए ही वापस लौटना पड़ता है।
उपभोक्ताओं ने कहा कि जिओ जैसी बड़ी कंपनी के कार्यालय में इस तरह की व्यवस्था से ग्राहकों को काफी परेशानी हो रही है। सिम, नेटवर्क, रिचार्ज, केवाईसी सहित अन्य कार्यों के लिए उपभोक्ताओं को कार्यालय की जरूरत पड़ती है, लेकिन समय पर कार्यालय नहीं खुलने से उनके जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं।
मंगलवार को भी कार्यालय बंद रहने के मामले में वहां कार्यरत कर्मी से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। उपभोक्ताओं ने जिओ कंपनी के संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कर कार्यालय को निर्धारित समय पर खोलने और नियमित रूप से उपभोक्ताओं को सेवा उपलब्ध कराने की मांग की है।
स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि कार्यालय खुलने और बंद होने का समय निर्धारित है तो उसका पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान होकर वापस नहीं लौटना पड़े।


















