बगहा। अनुमंडल पदाधिकारी बगहा श्रीमती चांदनी कुमारी ने मंगलवार, 8 सितंबर 2026 को अनुमंडलीय अस्पताल बगहा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डॉ. बालेश्वर शर्मा समेत कई एएनएम अपने ड्यूटी स्थल से अनुपस्थित पाए गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीओ ने अस्पताल उपाधीक्षक को अनुपस्थित चिकित्सक एवं कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। एसडीओ ने सुरक्षा गार्डों की ड्यूटी में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सुरक्षा गार्ड का रोस्टर बोर्ड पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को व्यवस्था में सुधार और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
एसडीओ की औचक जांच से अस्पताल कर्मियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।



















