गौनाहा : गौनाहा प्रखंड में डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। जन सेवा सत्याग्रह के बैनर तले इस मांग के समर्थन में पूरे प्रखंड में महा हस्ताक्षर अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। अभियान के माध्यम से छात्र-छात्राओं एवं आम लोगों का समर्थन जुटाकर सरकार तक क्षेत्र की मांग पहुंचाई जाएगी। आंदोलन से जुड़े राजा ने बताया कि गौनाहा जनजातीय बहुल एवं सीमावर्ती क्षेत्र है। लेकिन आज तक यहां एक भी डिग्री कॉलेज की स्थापना नहीं हो सकी है। उच्च शिक्षा के लिए छात्र-छात्राओं को दूर-दराज के शहरों का रुख करना पड़ता है। आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों के कारण कई छात्राएं बीच में ही पढ़ाई छोड़ने को विवश हो जाती हैं।

उन्होंने कहा कि चंपारण सत्याग्रह की ऐतिहासिक भूमि होने के बावजूद शिक्षा के क्षेत्र में गौनाहा अपेक्षित विकास से वंचित है। जन सेवा सत्याग्रह के पदाधिकारियों ने बताया कि महा हस्ताक्षर अभियान के तहत पांच हजार से अधिक लोगों का समर्थन जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान पूरा होने के बाद छात्र महापंचायत आयोजित की जाएगी। जिसमें आंदोलन की अगली रणनीति तय होगी। इसके बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर गौनाहा में अविलंब डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग की जाएगी।
गौनाहा निवासी शब्बीर, सुधांशु राठौर, सुदिश महतो, दीपक कुमार, मंजीत कुमार, श्याम पटेल, नीलेश यादव और आदर्श श्रीवास्तव ने कहा कि यह अभियान क्षेत्र के युवाओं के शिक्षा के अधिकार और बेहतर भविष्य के लिए चलाया जा रहा है। उनका कहना था कि शिक्षा उतनी ही जरूरी है। जितना पानी। डिग्री कॉलेज गौनाहा के छात्रों का अधिकार है और इसकी स्थापना शीघ्र होनी चाहिए।













