बगहा/ वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुनील कुमार ने बुधवार को नई दिल्ली में उर्वरक एवं रसायन मंत्रालय की संयुक्त सचिव वंदना प्रेयसी तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के निदेशक (मूवमेंट) अभय कुमार से मुलाकात की।
बैठक के दौरान सांसद ने वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र सहित पूरे बिहार में खरीफ फसलों की खेती के लिए यूरिया और डीएपी खाद की पर्याप्त एवं समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन में किसानों को खाद की कमी का सामना न करना पड़े, इसके लिए अग्रिम व्यवस्था आवश्यक है।
सांसद सुनील कुमार ने मंत्रालय के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा करते हुए बिहार के विभिन्न जिलों में उर्वरकों की मांग और आपूर्ति की स्थिति पर भी विचार-विमर्श किया। उन्होंने अनुरोध किया कि किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए राज्य में पर्याप्त मात्रा में यूरिया और डीएपी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
मंत्रालय के अधिकारियों ने सांसद को आश्वस्त किया कि किसानों की आवश्यकताओं के अनुरूप उर्वरकों की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि खरीफ फसल की बुवाई और खेती प्रभावित न हो।















