बगहा। चौतरवा-धनहा मुख्य मार्ग पर नदी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर में 44 वर्षीय बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही नदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बसहिया बनवीरपुर निवासी आशिक अली के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन नदी थाना पहुंचे और शव की पहचान की। मृतक के साढ़ू मेराज अली ने बताया कि आशिक अली बाइक से तेलपुर जोगिया स्थित रिश्तेदार के घर आए थे। वहां से बाइक से वापस लौटने के दौरान तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि आशिक अली की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।


परिजनों के अनुसार, आशिक अली परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसके छह पुत्रियां और दो पुत्र हैं। कई पुत्रियां विवाह योग्य हो चुकी हैं। आशिक गांव-गांव जाकर कबाड़ खरीदने और बेचने का काम करता था। इसी से होने वाली आमदनी से वह परिवार का खर्च चलाता था। आशिक की अचानक मौत से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों के सामने अब रोजमर्रा के खर्च और बच्चों की जिम्मेदारी को लेकर बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

थानाध्यक्ष दीपक कुमार प्रसाद ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को जब्त कर थाना लाया गया है। कार की जांच के दौरान शराब बरामद हुई है। बरामद शराब की मात्रा की गिनती कराई जा रही है। पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और उसकी पहचान की जा रही है। पुलिस के अनुसार, शराब बरामदगी को लेकर उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। वहीं, हादसे के संबंध में मृतक के परिजनों से आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। दुर्घटना किस परिस्थिति में हुई, कार की गति कितनी थी और वाहन में शराब कहां से लाई जा रही थी, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

















