बगहा। फेसबुक पर शुरू हुई दोस्ती प्रेम संबंध में बदली और दोनों ने शादी के सपने संजोए। लेकिन इससे पहले ही कहानी का अंत युवक की संदिग्ध मौत से हो गया। पश्चिमी चंपारण के बगहा पुलिस जिला अंतर्गत पटखौली थाना क्षेत्र के डुमवलिया में मध्य प्रदेश निवासी 23 वर्षीय शरद राठौर उर्फ शेखर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों ने हत्या या आत्महत्या की आशंका जताते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है।
मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के सुजलपुर थाना क्षेत्र के रायपुर निवासी शरद राठौर उर्फ शेखर, पिता लाढ़ सिंह राठौर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शरद और डुमवलिया निवासी युवती की पहचान फेसबुक के माध्यम से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और रिश्ता प्रेम में बदल गया। परिजनों के अनुसार, दोनों शादी करने वाले थे। शरद युवती से मिलने डुमवलिया आया था। बताया गया कि वह इससे पहले भी यहां करीब तीन महीने रह चुका था।
इस दौरान वह काम भी करता था और अपनी कमाई का पैसा परिवार से जुड़े लोगों को भेजता था।

शरद के पिता लाढ़ सिंह राठौर ने बताया कि उनका बेटा रेस्टोरेंट में नूडल बनाने का काम करता था। वह नूडल बनाने में काफी अच्छा था। पिता के अनुसार, शरद घर से उज्जैन जाकर महाकाल के दर्शन करने की बात कहकर निकला था। इसके लिए उसने पिता से पैसे भी लिए थे।
इसके बाद मंगलवार को युवती की ओर से परिवार को फोन कर सूचना दी गई कि शरद ने कथित तौर पर जहर खा लिया है और उसकी मौत हो गई है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग बगहा पहुंचे।

गुरुवार को मृतक के भाई रोहित राठौर के साथ राहुल राठौर और पंकज राठौर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने शरद की मौत की परिस्थितियों को संदिग्ध बताते हुए हत्या या आत्महत्या की आशंका जताई है।
परिवार के मुताबिक, शरद का मोबाइल फोन खराब था। पिता का कहना है कि प्रेम संबंध में आने के बाद वह पहले की तरह खुलकर बातचीत भी नहीं करता था। हालांकि, इन आरोपों की अभी पुलिस जांच कर रही है और किसी निष्कर्ष की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

बताया गया कि युवती पहले से शादीशुदा थी और उसके दो बच्चे हैं। वह अपने पहले पति से अलग रह रही थी। उसके पहले पति से अलगाव की वजह की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
पटखौली थानाध्यक्ष उत्पल कांत ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। मामले में यूडी कांड दर्ज किया गया है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि शरद की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई और वजह थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। पुलिस ने किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है।


















