बगहा। पुलिस अधीक्षक बगहा ने मंगलवार को वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के रामपुरवा गांव में रात्रि विश्राम किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और शिकायतों की जानकारी ली तथा गंभीरता से उनकी समस्याएं सुनीं।
ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष विभिन्न समस्याएं और शिकायतें रखीं। एसपी ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की शिकायतों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन किया जाए और किसी भी मामले में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा और समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने ग्रामीणों को उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को आमजन की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। साथ ही पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने पर जोर दिया।रात्रि विश्राम के दौरान पुलिस अधीक्षक का ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनना पुलिस और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।



















