विशेष खबर : नई दिशा डिजिटल न्यूज
वाल्मीकिनगर में किसानों की फसल उजाड़ी:वनकर्मियों पर जेसीबी से नुकसान का आरोप, विधायक ने मंत्री को लिखा पत्र, हाई लेवल जांच की मांग
विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने वाल्मीकिनगर क्षेत्र के नौरंगिया दरदरी गांव में दलित और आदिवासी परिवारों की खड़ी फसल नष्ट करने और कथित उत्पीड़न के मामले में बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री को पत्र लिखा है।
पत्र में विधायक ने बताया कि नौरंगिया थाना क्षेत्र की नौरंगिया दरदरी पंचायत के कई भूमिहीन परिवार लगभग 40 वर्षों से गैर मजरूआ मलिक भूमि पर खेती कर रहे हैं। ये परिवार मुख्य रूप से दलित और आदिवासी समुदाय से हैं, जिनकी आजीविका का मुख्य साधन कृषि है।
जेसीबी से फसलें नष्ट की जा रही
ग्रामीणों के अनुसार, मदनपुर वन प्रक्षेत्र के कर्मियों द्वारा 29 मार्च 2026 से लगातार जेसीबी मशीनों का उपयोग कर खेतों में लगी फसलें नष्ट की जा रही हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि विरोध करने पर वनकर्मी उनके साथ अभद्र व्यवहार कर रहे हैं और उन्हें जेल भेजने की धमकी दे रहे हैं। इस कार्रवाई से ग्रामीणों में भय और आक्रोश व्याप्त है।
विधायक ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि इस कार्रवाई से स्थानीय ग्रामीणों और वन विभाग के बीच तनाव बढ़ गया है, जिससे अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है।
अधिकारियों को निर्देश देने की मांग की
उन्होंने मंत्री से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और भूमि स्वामित्व तथा अधिकार का अंतिम समाधान होने तक फसलों को नुकसान पहुंचाने वाली कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने का आग्रह किया है।
इसके अतिरिक्त, विधायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देने की मांग की है ताकि भूमिहीन परिवारों के मानवाधिकार और लोकतांत्रिक अधिकार सुरक्षित रहें।
उन्होंने जोर दिया कि गरीब परिवारों की आजीविका प्रभावित नहीं होनी चाहिए और प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ इस समस्या का समाधान निकालना चाहिए।

