सरकार की डिजिटल निबंधन व्यवस्था को सफल बनाने की दिशा में प्रयास तेज
अवर निबंधन कार्यालय बगहा में पेपरलेस निबंधन व्यवस्था लागू होने के पांचवें दिन शुक्रवार को चार पक्षकारों का निबंधन सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
सरकार की ओर से शुरू की गई इस नई डिजिटल व्यवस्था के तहत निबंधन कराने पहुंचे पक्षकारों ने प्रक्रिया को सुविधाजनक बताते हुए सरकार की पहल की सराहना की।लोगों ने कहा कि पेपरलेस व्यवस्था के प्रभावी होने से निबंधन कार्य में पारदर्शिता आएगी तथा बिचौलियों से भी काफी हद तक निजात मिल सकेगी।अवर निबंधन पदाधिकारी सत्य प्रकाश अनंत ने बताया कि सरकार के निर्देश पर बगहा निबंधन कार्यालय में 17 अगस्त से पेपरलेस निबंधन व्यवस्था की शुरुआत की गयी थी। हालांकि 17 से 20 अगस्त तक इस व्यवस्था के तहत
कोई निबंधन नहीं हो सका ।इस दौरान लोगों को नई व्यवस्था की जानकारी देने के साथ-साथ कार्यालय कर्मियों को तकनीकी प्रक्रिया से परिचित कराने का कार्य किया गया।इसके बाद शुक्रवार को चार पक्षकारों का निबंधन पेपरलेस प्रक्रिया के तहत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।उन्होंने बताया कि पेपरलेस निबंधन व्यवस्था को लेकर कार्यालय कर्मियों द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है ।लोगों को डिजिटल निबंधन की प्रक्रिया, आवश्यक नियमों तथा इसमें लगने वाले समय की जानकारी दी जा रही है।इसका उद्देश्य कम समय में पारदर्शी एवं सुविधाजनक तरीके से निबंधन की सुविधा
उपलब्ध कराना है।शुक्रवार को जिन लोगों का निबंधन हुआ उनमें विक्रेता प्रेम चौबे तथा खरीदार पूजा चौबे, संगीता देवी, सीमा देवी और शबरी देवी शामिल हैं । सभी संबंधित पक्षकार मधुबनी गंडक पार क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।निबंधन पदाधिकारी ने बताया कि निर्धारित नियमों के अनुसार सभी निबंधन पेपरलेस प्रक्रिया के माध्यम से किए गए।निबंधन कार्यालय की ओर से बताया गया कि डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से दस्तावेजों से जुड़ी प्रक्रिया को सरल बनाने के साथ पक्षकारों के समय की बचत और निबंधन कार्य में पारदर्शिता लाने का
प्रयास किया जा रहा है।आने वाले दिनों में अधिक से अधिक लोगों को इस व्यवस्था से जोड़ने की तैयारी है।निबंधन कराने पहुंचे लोगों ने कहा कि डिजिटल व्यवस्था लागू होने से आम लोगों को काफी राहत मिलेगी।
खासकर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बिचौलियों के माध्यम से होने वाले अनावश्यक खर्च और परेशानी से बचाया जा सकेगा।लोगों ने सरकार से इस व्यवस्था को लगातार प्रभावी बनाए रखने की मांग की।इस मौके पर प्रधान सहायक आशू कुमार, लिपिक रंजीत कुमार सहित निबंधन कार्यालय के अन्य कर्मी मौजूद रहे।कर्मियों ने लोगों से अपील की कि वे पेपरलेस निबंधन प्रक्रिया की पूरी जानकारी प्राप्त कर निर्धारित नियमों के अनुसार ही अपना निबंधन कार्य कराएं।


















