एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य,शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा,पुलिस हर पहलू की कर रही जांच
चौतरवा।थाना क्षेत्र अंतर्गत कोल्हुआ चौतरवा पंचायत के कोल्हुआ गांव स्थित वार्ड संख्या-3 में गुरुवार को एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही चौतरवा थाना एवं भैरोगंज थाना की पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए।घटना की जानकारी मिलते ही मृतका की मां एवं अन्य परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, बगहा भेज दिया। मृतका की पहचान कोल्हुआ गांव निवासी मधु बैठा के लगभग 20 वर्षीय पुत्र दीपू बैठा की करीब 18 वर्षीय पत्नी सुनीता देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सुनीता देवी का विवाह अप्रैल 2026 में तोनवा गांव निवासी दिनेश बैठा की पुत्री के रूप में दीपू बैठा के साथ हुआ था। विवाह को अभी लगभग ढाई माह ही हुए थे कि यह दुखद घटना घटित हो गई।घटना के संबंध में पूछे जाने पर सर्किल इंस्पेक्टर ने बताया कि प्रारंभिक सूचना के अनुसार पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं वैज्ञानिक जांच के बाद ही हो सकेगा। उन्होंने बताया कि घटना लगभग साढ़े 11 बजे की है।सर्किल इंस्पेक्टर ने यह भी बताया कि मृतका के परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।आवेदन प्राप्त होने के बाद विधिसम्मत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा एफएसएल जांच के निष्कर्ष आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।



















