चौतरवा।चौतरवा थाना पुलिस ने शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार की देर शाम एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने थाना क्षेत्र के रायबारी महुअहवा स्थित भुलहवा डीह में छापेमारी कर 2 लीटर 500 ग्राम देसी चुलाई शराब बरामद की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर चौतरवा थाना के एएसआई अजीत कुमार सिंह एवं एलटीएफ (लिकर टास्क फोर्स) की संयुक्त टीम ने अंतिमा देवी के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर से कुल 2 लीटर 500 ग्राम देसी चुलाई शराब बरामद हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने मौके से महिला तस्कर अंतिमा देवी को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार महिला को थाना लाकर बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद बुधवार को उसे न्यायिक हिरासत में बगहा व्यवहार न्यायालय भेज दिया गया।प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शराब कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की कार्रवाई आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगी तथा अवैध शराब के धंधे पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई है कि अवैध शराब के संबंध में कोई भी सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को अवगत कराएं, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।














