बगहा: भितहा थाना क्षेत्र में गंडक नदी के छाड़न के उबरे पानी से युवक छोटेलाल यादव का शव बरामद होने के मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उद्भेदन किया है। मामले में पुलिस ने मुराडीह टांड़ निवासी रविन्द्र यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
जानकारी के अनुसार, 12 अगस्त 2026 को छोटेलाल यादव, पिता वासुदेव यादव का शव संदिग्ध परिस्थिति में पानी से बरामद हुआ था। इसके बाद भितहा थाना कांड संख्या 134/26, दिनांक 13 अगस्त 2026 को धारा 103(1)/238 बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बगहा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बगहा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के साथ संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ करते हुए जांच आगे बढ़ाई।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और अनुसंधान के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर रविन्द्र यादव, उम्र करीब 45 वर्ष, पिता स्व. बलिस्टर यादव, निवासी मुराडीह टांड़, थाना भितहा को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने कथित तौर पर मृतक और अपनी पत्नी के बीच संबंध को लेकर विवाद के बाद हत्या करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त एक लाठी भी बरामद की गई है। हालांकि, घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों का सत्यापन अभी अनुसंधान के क्रम में किया जा रहा है।
छापेमारी टीम में पुलिस निरीक्षक धनहा अंचल, भितहा थानाध्यक्ष एवं सशस्त्र बल तथा डीआईयू टीम बगहा शामिल रही।
पुलिस ने बताया कि मामले में वैज्ञानिक, तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर अग्रतर अनुसंधान एवं विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।


















