बगहा। सामुदायिक स्तर पर बच्चों के नियमित एवं समय पर टीकाकरण को बढ़ावा देने के लिए संचालित सीओपीडी (कम्युनिटी ऑफ प्रैक्टिस फॉर डिमांड) कार्यक्रम के तहत बगहा-1 प्रखंड की मझौआ और पतिलार पंचायत ने शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य हासिल कर महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है। इस सफलता में पंचायत प्रतिनिधियों, स्वास्थ्यकर्मियों और सीओपीडी टीम के सामूहिक प्रयासों की अहम भूमिका रही।
पतिलार पंचायत की मुखिया पायल मिश्रा और मझौआ पंचायत के मुखिया रुदल मुशाहत ने सीओपीडी टीम के साथ मिलकर पात्र परिवारों को बच्चों के नियमित टीकाकरण के प्रति लगातार जागरूक किया। सामुदायिक सहभागिता और लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप दोनों पंचायतों में सभी पात्र बच्चों का टीकाकरण पूरा किया गया। इस उपलब्धि पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, बगहावन द्वारा दोनों पंचायतों के मुखिया को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

उन्होंने कहा कि बच्चों का टीकाकरण केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पंचायत प्रतिनिधियों और पूरे समुदाय की सक्रिय भागीदारी से ही शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने बगहा-1 प्रखंड की सभी 24 पंचायतों के मुखिया से सीओपीडी कार्यक्रम के साथ मिलकर पात्र बच्चों की पहचान, परिवारों में जागरूकता और समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करने की अपील की।


















