बगहा। यूपी-बिहार सीमा पर स्थित बांसी पुल के पास गुरुवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। पति से विवाद के बाद 50 वर्षीय महिला ने बांसी नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद पुल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय युवकों ने नदी में उतरकर महिला की तलाश शुरू की। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसका शव बरामद किया जा सका। मृतका की पहचान खोतहवा पंचायत निवासी छेदी बांसफोर की पत्नी तारा देवी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि तारा देवी अपने पति के साथ किसी काम से उत्तर प्रदेश गई थीं। दोनों पैदल वापस दहवा की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद महिला ने बांसी पुल के पास नदी में छलांग लगा दी। महिला के नदी में कूदने की जानकारी मिलते ही मौके पर आसपास के लोग जुट गए। कर्महवा और दहवा के कुछ युवकों ने बिना देर किए नदी में उतरकर तलाश शुरू कर दी।
नदी में बड़ी मात्रा में जलकुंभी फैली होने के कारण शव खोजने में काफी परेशानी हुई। करीब 30 मिनट तक चले प्रयास के बाद युवकों ने महिला का शव बाहर निकाल लिया।
इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से शव को दहवा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। सीएचसी प्रभारी डॉ. आनंद कुमार के अनुसार, महिला की मौत डूबने के कारण हुई। घटना के बाद ग्रामीणों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका को लेकर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप था कि घटना उत्तर प्रदेश सीमा से जुड़ी होने की बात कहकर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई नहीं की।
बाद में समाजसेवियों के हस्तक्षेप के बाद पुलिस सीएचसी पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। धनहा थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है। उन्होंने बताया कि अभी तक मामले में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



















