बगहा। राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल सहयोग शिविर के तहत मंगलवार को प्रखंड बगहा-1 की पंचायत राज चखनी रजवटिया में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। पंचायत के बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं और आवेदन के साथ पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों के माध्यम से उनके समाधान की प्रक्रिया शुरू की। शिविर में सबसे अधिक आवेदन पेंशन, राशन कार्ड और आवास योजना से संबंधित आए।
इसके अलावा बिजली बिल, भूमि संबंधी मामले, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, आधार कार्ड समेत अन्य सरकारी सेवाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर भी ग्रामीण पहुंचे। कई लोगों ने लंबे समय से लंबित पेंशन का भुगतान कराने तथा नए राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदन दिया।


शिविर के साथ स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। इसमें ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर चिकित्सकों ने आवश्यक परामर्श दिया। जरूरतमंद लोगों को दवाओं का निशुल्क वितरण भी किया गया। इससे ग्रामीणों को एक ही स्थान पर प्रशासनिक सेवाओं के साथ स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिला। पंचायत के मुखिया रविरंजन यादव ने कहा कि सरकार की पहल से ग्रामीणों को अपने पंचायत में ही विभिन्न विभागों की सेवाएं मिल रही हैं। इससे लोगों को प्रखंड कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि पंचायत में मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर लोग शिविर में पहुंच रहे हैं और उनके आवेदन लिए जा रहे हैं।

प्रखंड बगहा-1 के सांख्यिकी पदाधिकारी वाइ. विजेंद्र ने बताया कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का उनके पंचायत में ही समाधान कराना है। शिविर में प्राप्त आवेदनों का यथासंभव उसी दिन निष्पादन किया जा रहा है। किसी कारण से तत्काल समाधान संभव नहीं होने पर संबंधित समस्या का निपटारा एक सप्ताह के भीतर कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिविर से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है।


















