चौतरवा। संवाददाता।थाना क्षेत्र में फरार आरोपितों के विरुद्ध चौतरवा पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। न्यायालय से जारी आदेश के आलोक में पुलिस ने थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आरोपितों के विरुद्ध इश्तेहार चस्पाया।
इसी क्रम में मंगलवार को थाना के एएसआई अजीत कुमार पुलिस बल के साथ चैनपुर एवं हमीरा गांव पहुंचे। पुलिस टीम ने संबंधित स्थानों पर इश्तेहार चस्पाकर इसकी जानकारी सार्वजनिक की। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों को भी न्यायालय के आदेश की जानकारी दी गई।

थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि न्यायालय से जारी आदेश के अनुपालन में फरार आरोपितों के विरुद्ध इश्तेहार साटा गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। निर्धारित समयावधि में आरोपित न्यायालय अथवा पुलिस के समक्ष उपस्थित नहीं होते हैं तो उनके विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में फरार आरोपितों के बीच हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। थाना पुलिस ने स्पष्ट किया कि न्यायालय के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।



















