लखीसराय। जिले के प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में झाझा ईएमयू पैसेंजर ट्रेन के पहुंचते ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की आवाजाही को लेकर पूरी व्यवस्था की गई थी। अशोक धाम रेलवे स्टेशन से कांवरियों को मंदिर तक पहुंचाने के लिए भी अलग व्यवस्था की गई थी, लेकिन इसके बावजूद भीड़ इतनी अधिक हो गई कि उसे नियंत्रित करना प्रशासन के लिए चुनौती बन गया।
बताया जा रहा है कि अशोक धाम मंदिर परिसर से कुछ दूरी पर करंट लगने की अफवाह के बाद अचानक भगदड़ मच गई। भगदड़ में दर्जनों श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 7 महिलाओं की मौत हुई है, जबकि 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद प्रशासन ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के शवों को लखीसराय सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना के बाद जिला प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। घायलों में मौसम कुमारी, मुस्कान कुमारी, ममता देवी, विमला देवी, रीना कुमारी, शिवानी कुमारी और कबीला देवी सहित अन्य लोग शामिल बताए गए हैं। वहीं मृतकों में मधुबाला देवी, मनमाला देवी, रिंकू देवी और हेमलता देवी के नाम सामने आए हैं। मृतकों एवं घायलों की पूरी सूची की प्रशासनिक पुष्टि अभी प्रतीक्षित है।

घटना की सूचना मिलने के बाद सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग मौके पर पहुंचे। प्रशासन और पुलिस की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है।

















