बगहा। नगर थाना क्षेत्र में नाग पंचमी एवं महावीर झंडा के अवसर पर सोमवार को निकाला गया अखाड़ा उत्साह, उमंग और आपसी भाईचारे के माहौल में शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। अखाड़ा में युवाओं का जोश देखते ही बना। पारंपरिक वेशभूषा में शामिल युवाओं ने विभिन्न करतबों के माध्यम से अपनी कला और साहस का प्रदर्शन किया। जुलूस को देखने के लिए नगर के विभिन्न मार्गों पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। अखाड़ा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए नगर थाना परिसर पहुंचा।
रास्ते में जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया। युवाओं में पर्व को लेकर खासा उत्साह देखा गया। प्रतिभागियों ने पारंपरिक करतब प्रस्तुत कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। नगर थाना परिसर पहुंचने के बाद स्थानीय कलाकारों ने भी कई आकर्षक एवं पारंपरिक करतब दिखाए। कलाकारों की प्रस्तुति देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही और तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया गया। पर्व को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

बगहा एसपी राजेश कुमार के निर्देश पर नगर थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों की तैनाती की गई थी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई। पुलिस टीम जुलूस के साथ लगातार मौजूद रही और पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चौकसी बरती गई। आयोजन के दौरान बगहा एसडीएम चांदनी कुमार, एसडीपीओ निहार भूषण और नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार, महिला थानाध्यक्ष रूबी कुमारी, धनहा अंचल निरीक्षक रमाकांत तिवारी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रहे।

वहीं बगहा विधायक राम सिंह, पूर्व एमएलसी भीष्म सहनी, पूर्व सभापति प्रतिनिधि फिरोज आलम, वार्ड पार्षद संजय यादव, मोबिन अंसारी, मुन्ना सिंह, राजेश कुमार, दयाशंकर सिंह, मो. निजामुद्दीन अंसारी, मनोज सिंह, परवेज अख्तर, नुरुल्लाह अंसारी, मो. राशिद,वार्ड पार्षद अजय राउत, मो.गयासुद्दीन पूर्व उप सभापति प्रतिनिधि जितेंद्र राव, उमेश गुप्ता, सहित अन्य लोगों ने आयोजन को शांतिपूर्ण बनाने में सहयोग किया। इधर, बगहा एसपी राजेश कुमार ने मेले का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली।


अधिकारियों ने लोगों से पर्व के दौरान आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की। बगहा एसडीपीओ निहार भूषण ने बताया कि नाग पंचमी एवं महावीर झंडा का अखाड़ा पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। लाइसेंसधारियों ने भी शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग किया। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और स्थानीय लोगों के सहयोग से पर्व शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो सका।



















