भपसा नाला में अवैध बालू खनन पर बड़ी कार्रवाई: खुदाई मशीन, लोडर समेत चार वाहन जब्त, माफियाओं में मचा हड़कंप
बगहा। पश्चिम चंपारण के बगहा पुलिस जिला अंतर्गत धनहा थाना क्षेत्र के भपसा नाला में अवैध बालू खनन के खिलाफ खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं पर शिकंजा कस दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में एक खुदाई मशीन, एक लोडर तथा दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया गया। जब्त सभी वाहनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए धनहा थाना के सुपुर्द कर दिया गया है।
बताया जाता है कि खनन विभाग को सूचना मिली थी कि भपसा नाला में अवैध रूप से बालू का खनन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही विभागीय टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान खनन कार्य में लगी मशीनें और वाहन बरामद किए गए। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।

खनन निरीक्षक ऋतिक कुमार श्रीवास्तव एवं कोमल कुमारी ने बताया कि अवैध खनन में संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है। दोषियों के विरुद्ध खनन अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को रोकने के लिए विभाग का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
खनन विभाग की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ एक बड़ी पहल माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह लगातार अभियान चलता रहा तो अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि इस मामले में संलिप्त मुख्य आरोपियों तक विभाग कब पहुंचता है और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।













