बगहा।आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को मिलने वाले पोषाहार की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में एसडीएम चांदनी कुमारी ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों के लिए तैयार भोजन की गुणवत्ता की स्वयं जांच की।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने केंद्र में बच्चों को उपलब्ध कराए जाने वाले भोजन को खुद चखकर उसकी गुणवत्ता, स्वाद और स्वच्छता का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र की व्यवस्था, साफ-सफाई तथा बच्चों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की प्रक्रिया का भी निरीक्षण किया।
एसडीएम ने आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका को निर्देश दिया कि बच्चों को निर्धारित मात्रा और मानक के अनुरूप ही पोषाहार उपलब्ध कराया जाए। भोजन तैयार करने में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा सामग्री की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने की हिदायत दी गई।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर मिलने वाला पोषाहार बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण से सीधे जुड़ा है। इसलिए इसमें लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन द्वारा समय-समय पर केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था की जांच की जाएगी।
एसडीएम के इस कदम से आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषाहार की गुणवत्ता को लेकर जिम्मेदार कर्मियों में भी सतर्कता बढ़ी है। निरीक्षण के दौरान संबंधित कर्मियों को केंद्र की व्यवस्था बेहतर रखने और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के आवश्यक निर्देश दिए गए।


















