पश्चिमी चंपारण। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ इनरवा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर भारत-नेपाल सीमा के पिलर संख्या 419 के समीप इनरवा बाजार स्थित हनुमान गली के पास नाकेबंदी कर 31 किलोग्राम 250 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाला गांजा बरामद किया। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही नेपाली नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त कर ली है।
इस कार्रवाई के बाद सीमावर्ती इलाके में सक्रिय तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि नेपाल से गांजा की बड़ी खेप भारतीय सीमा में प्रवेश कराई जाने वाली है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए इनरवा थाना पुलिस ने तत्काल रणनीति बनाकर सीमा क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई और पिलर संख्या 419 के पास हनुमान गली में नाकेबंदी कर दी। कुछ देर बाद एक नेपाली नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक भारतीय सीमा की ओर आते दिखाई दिए।
पुलिस टीम ने दोनों को रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस को देखकर वे घबरा गए और बाइक पर लदी गांजा की बोरी सड़क किनारे फेंककर भागने लगे। हालांकि, पहले से सतर्क पुलिस जवानों ने उनका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर बाइक के साथ 31 किलो 250 ग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मैनाटांड थाना क्षेत्र के बस्ठा गांव निवासी साहेब कुमार तथा नेपाल के महूवन गांव निवासी सोबरन साह के रूप में हुई है।

दोनों से पूछताछ की जा रही है ताकि तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके।
इनरवा थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि दोनों आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि सीमा पार से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी पर पुलिस की कड़ी नजर है और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आगे भी लगातार विशेष अभियान चलाकर तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बरामद गांजा की यह खेप बिहार के विभिन्न जिलों में सप्लाई की जानी थी। पुलिस अब इस पूरे गिरोह के मास्टरमाइंड, सप्लाई चेन और नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है। बरामद गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। इस सफल कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने इनरवा थाना पुलिस की तत्परता और साहसिक कार्रवाई की सराहना करते हुए सीमा क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने की मांग की है।


















