विशेष खबर : नई दिशा डिजिटल न्यूज। बगहा
बगहा प्रखंड क्षेत्र में बेतिया राज की जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। अंचल प्रशासन ने प्रखंड के मझौवा गांव में बेतिया राज की भूमि पर कब्जा जमाए करीब 60 लोगों को नोटिस जारी किया है। नोटिस में सभी अतिक्रमणकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर जमीन से संबंधित वैध कागजात प्रस्तुत करें। प्रशासन ने साफ कहा है कि यदि कागजात प्रस्तुत नहीं किए जाते हैं, तो संबंधित भूमि को अतिक्रमण मानते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी। अंचल प्रशासन के अनुसार, सरकारी और बेतिया राज की जमीन की पहचान कर लगातार कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि जांच के बाद जिन लोगों के पास वैध दस्तावेज नहीं होंगे, उनके खिलाफ अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। स्थानीय स्तर पर इस कार्रवाई को लेकर हलचल तेज हो गई है और प्रभावित लोगों में चिंता का माहौल देखा जा रहा है। प्रशासन ने यह भी संकेत दिया है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी और सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।

