
बगहा पुलिस जिला अंतर्गत धनहा थाना क्षेत्र के मधुआ गांव में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मधुआ गांव निवासी कैलाश बिन के 30 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र बिन के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर धर्मेंद्र बिन और उसकी पत्नी नेबू देवी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बाद नाराज होकर पत्नी मायके जाने के लिए घर से निकल गई। पत्नी को मनाने और वापस घर लाने के उद्देश्य से धर्मेंद्र बाइक लेकर उसके पीछे निकल पड़ा। इसी दौरान कटहां मोड़ के समीप उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित पोखरे में जा गिरी। हादसे के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में धर्मेंद्र को बाहर निकालकर इलाज के लिए मधुबनी पीएचसी पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन स्थिति गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए शव भेज दिया गया। इधर, मृतक के बड़े भाई महेंद्र बिन ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद पत्नी ने अपने पिता और भाई को बुलाया था। आरोप है कि ससुराल वालों ने धर्मेंद्र के साथ मारपीट की और उसकी पत्नी को अपने साथ ले जाने लगे। धर्मेंद्र उन्हें रोकने का प्रयास कर रहा था। महेंद्र बिन ने यह भी दावा किया कि धर्मेंद्र ने पहले से एक कागज लिखकर रखा था, जिसमें उसने अपनी जान को खतरा होने की बात कही थी। वहीं धनहा थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पति-पत्नी के विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पत्नी के मायके जाने के दौरान धर्मेंद्र बाइक से पीछे गया था। इसी बीच बाइक अनियंत्रित होकर पोखरे में गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी पक्ष से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।





