आइसक्रीम फैक्ट्री में करंट लगने से ऑपरेटर की मौत, शव छोड़कर फरार होने का आरोप
मधुबनी प्रखंड क्षेत्र के खोताहवा पंचायत अंतर्गत समशेरवा गांव निवासी 55 वर्षीय दयाशंकर पटेल (पिता- बच्चा यादव) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिजनों एवं स्थानीय लोगों के अनुसार दयाशंकर पटेल तमकुहवा गांव में एक आइसक्रीम फैक्ट्री में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे. बताया जा रहा है कि काम के दौरान उन्हें विद्युत प्रवाह (करंट) लग गया, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई.
आरोप है कि घटना के बाद फैक्ट्री संचालक मनोज राम से पंजीकृत है जबकि वह बाहर ठेकेदारी करता है वही मिथलेश राम द्वारा देख रेख किया जाता है जबकि कार्य कर्ताओं द्वारा उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल, रविन्द्रनगर धूस उत्तर प्रदेश ले जाया गया. हालांकि, परिजनों का कहना है कि अस्पताल में उचित इलाज कराए बिना ही मृतक को अस्पताल परिसर के बाहर छोड़कर फैक्ट्री संचालक मौके से फरार हो गया. घटना के बाद परिजनों में आक्रोश व्याप्त है और क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
मृतक के परिवार का आरोप है कि यदि समय पर समुचित इलाज कराया जाता तो संभवतः उनकी जान बच सकती थी. वहीं स्थानीय लोगों ने भी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी है. थाना अध्यक्ष अमित कुमार सिंह का कहना है कि स्वजनों द्वारा आवेदन नहीं प्राप्त हुई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही या दोष सामने आता है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
दयाशंकर पटेल की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं इस घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में शोक के साथ-साथ फैक्ट्री प्रबंधन की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने तक किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें.













