जिला प्रशासन के निर्देश पर सोमवार को बेतिया में नगर निगम की ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान कलेक्ट्रेट चौक, स्टेशन चौक और सुप्रिया रोड में नाला व फुटपाथ से अतिक्रमण हटाया गया।
नगर निगम की टीम दोपहर में जेसीबी और ट्रैक्टर लेकर दलबल के साथ निकली और अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई शुरू की। नाला व फुटपाथ को अतिक्रमण कर बनाए गए शेड, दुकानों के बैनर और पोस्टर को जेसीबी से तोड़ दिया गया। फुटपाथ पर फैले सामान को भी जब्त कर लिया गया।
कार्रवाई के दौरान करीब दो ट्रैक्टर सामान जब्त किया गया। टीम समाहरणालय चौक से अतिक्रमण हटाते हुए स्टेशन चौक पहुंची और वहां से सुप्रिया रोड के फुटपाथ के एक किनारे से अतिक्रमण हटाने का काम किया गया। इस दौरान करीब दो दर्जन दुकानों पर कार्रवाई हुई।
अतिक्रमण हटाने के दौरान आसपास लोगों की भीड़ जुट गई और कई अतिक्रमणकारी अपने दुकानों के टूटे सामान समेटते नजर आए। नगर निगम के कड़े रुख को देखते हुए कुछ लोगों ने स्वयं ही अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया, जबकि देरी करने वालों के अतिक्रमण को जेसीबी से तोड़ा गया।
कार्रवाई के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। यातायात पुलिस ने फुटपाथ पर वाहन खड़े करने वालों से जुर्माना भी वसूला। मौके पर नगर निगम के स्वच्छता पदाधिकारी अशफाक अहमद, घारी प्रभारी तबरेज आलम, जुलुम साह समेत कई कर्मी मौजूद रहे।
डिस्क्लेमर: यह खबर उपलब्ध स्रोत जानकारी के आधार पर तैयार की गई है। आधिकारिक पुष्टि, दस्तावेज या जांच रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों में बदलाव संभव है।




