बगहा। पुलिस जिला अंतर्गत भैरोगंज थाना क्षेत्र में बुधवार की देर शाम गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई। कपरधिका और लक्ष्मीपुर में हुए विवाद के दौरान अज्ञात हमलावरों ने दो लोगों को गोली मार दी। गोली लगने से कपरधिका पंचायत के उपमुखिया 40 वर्षीय अशोक दास और लक्ष्मीपुर वार्ड संख्या छह निवासी 38 वर्षीय राधेश्याम राम गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।


घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने डायल-112 और भैरोगंज थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा पहुंचाया। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. संजय गुप्ता ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सक के अनुसार, दोनों घायलों को दो-दो गोलियां लगी हैं। अशोक दास के बाएं कूल्हे और पेट में गोली लगी है, जबकि राधेश्याम राम के पेट में गोली लगी है।
दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान घायल अशोक दास ने आरोप लगाया कि मुखिया पति मुन्ना दास, संदीप यादव और उनके साथ आए लोगों ने उन्हें गोली मारी है। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
राधेश्याम राम को स्थानीय स्तर पर वार्ड सदस्य प्रतिनिधि बताया जा रहा है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद बगहा एसडीपीओ निहार भूषण और नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों से घटना की जानकारी ली और इलाज की स्थिति का जायजा लिया। अस्पताल परिसर में पुलिस पदाधिकारी और जवान भी मौजूद रहे।

एसडीपीओ निहार भूषण ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पुरानी रंजिश का विवाद सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद भैरोगंज थानाध्यक्ष सीता केवट पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


















