
बगहा स्थित अनुमंडलीय अस्पताल में शनिवार को प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षा अभियान के तहत विशेष जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में दर्जनों गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई। इस जांच शिविर में चिकित्सक डॉ. शिवांगी गुप्ता डॉ. पुष्पराज सहित स्वास्थ्य कर्मियों ने महिलाओं की खून, यूरिन, हीमोग्लोबिन, वजन, शुगर, एलएफटी और केएफटी समेत विभिन्न जांच की। जांच रिपोर्ट के आधार पर चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व, पौष्टिक आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच को लेकर आवश्यक परामर्श दिए। साथ ही मरीजों के बीच निशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया। इस दौरान प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. ए.के. तिवारी ने शिविर का निरीक्षण कर विभिन्न जांच काउंटरों का जायजा लिया और चिकित्सकों तथा स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी भी ली। निरीक्षण के दौरान कई महिलाओं ने अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू नहीं होने की शिकायत की। मरीजों का कहना था कि चिकित्सकों द्वारा जांच लिखे जाने के बावजूद उन्हें बाहर निजी केंद्रों पर महंगे खर्च में अल्ट्रासाउंड कराना पड़ता है। जानकारी के अनुसार अस्पताल में करीब साढ़े तीन वर्षों से अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध है, लेकिन अब तक सेवा शुरू नहीं हो सकी है। मशीन की मरम्मत भी कराई जा चुकी है, फिर भी सुविधा बहाल नहीं होने से मरीजों में नाराजगी है। वहीं राज्यसभा सांसद सतीश चंद्र दुबे की निधि से उपलब्ध कराई गई डायलिसिस मशीन भी जगह के अभाव में उपयोग से बाहर पड़ी है। एमएनसीयू कक्ष भी विशेषज्ञ चिकित्सकों और कर्मियों की कमी के कारण पूरी क्षमता से संचालित नहीं हो पा रहा है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि नए स्वास्थ्य मंत्री के कार्यकाल में अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा।





