रामनगर (प. चंपारण): बगहा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व विधायक प्रत्याशी एवं कांग्रेस नेता जयेश मंगलम सिंह ने रामनगर प्रखंड के दोन क्षेत्र के आदिवासी गांवों का दौरा कर स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि आजादी के दशकों बाद भी क्षेत्र के कई गांव सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं।
जयेश मंगलम सिंह ने कहा कि दोन क्षेत्र के आदिवासी और वनवर्ती गांवों की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के दावों के बावजूद यहां के लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो सकी हैं। ग्रामीणों को इलाज, शिक्षा और आवागमन के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर वे संबंधित विभागों और सरकार के समक्ष आवाज उठाएंगे तथा लोगों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। दौरे के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं उनके समक्ष रखीं और शीघ्र समाधान की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में कई गांवों का संपर्क मुख्य सड़क से कट जाता है, जिससे बच्चों की पढ़ाई और मरीजों के इलाज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। लोगों ने क्षेत्र में सड़क, पुल, स्वास्थ्य केंद्र और पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की।
जयेश मंगलम सिंह बगहा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे हैं और 2025 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में मैदान में थे। मात्र बहुत कम मतों से चुनाव में उनकी हार हुई थी।
.........................
कांग्रेस नेता जयेश मंगलम सिंह ने कहा
दोन क्षेत्र के आदिवासी गांव आज भी विकास की मुख्यधारा से दूर हैं। यहां के लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। मैं इन समस्याओं को हर स्तर पर उठाऊंगा। यदि यहां के लोगों के साथ ना इंसाफी होगी तो मैं सड़क से लेकर पटना दिल्ली तक आदिवासी समाज का आवाज बनकर धरना प्रदर्शन करूंगा।
















