SSB 21वीं वाहिनी, बगहा, बिहारद्वारा कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत के मार्गदर्शन एवं सक्रिय सहभागिता में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत ‘एक पेड़ शहीदों के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य देश की स्वतंत्रता एवं राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता एवं सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम के दौरान अमर शहीदों की स्मृति में विभिन्न पौधों का वृक्षारोपण किया गया तथा उपस्थित लोगों ने इन पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति, स्थानीय नागरिक तथा 21वीं वाहिनी के अधिकारी एवं जवान उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे और पौधारोपण कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की।
कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत ने अपने संबोधन में कहा कि हमारे वीर शहीदों का बलिदान राष्ट्र के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके नाम पर लगाया गया प्रत्येक पौधा उनके त्याग, शौर्य एवं राष्ट्रभक्ति की स्मृति को जीवंत रखने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों को देशप्रेम और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देगा। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से अधिकाधिक पौधारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति की भावना से जोड़ने का एक व्यापक जन-अभियान है। प्रधानमंत्री के संदेश में भी इस वर्ष अभियान को पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ाने तथा तिरंगे को सम्मानपूर्वक अपने घरों पर फहराने का आह्वान किया गया है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने अमर शहीदों के त्याग एवं बलिदान को सदैव स्मरण रखने, राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।


















