चौतरवा। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर बगहा पुलिस जिला में पुलिस दीदियों की स्कूटी रैली निकाली गई। पुलिस लाइन बगहा से शुरू हुई रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए चौतरवा थाना परिसर पहुंची। यहां थाना पुलिस ने रैली में शामिल पुलिस दीदियों का स्वागत किया। इसके बाद पुलिस दीदियां स्कूटी से पुनः बगहा के लिए रवाना हो गईं।
रैली के दौरान पुलिस दीदियों ने आम लोगों से महिलाओं और युवतियों के प्रति सम्मानजनक व्यवहार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और सड़कों पर महिलाओं के साथ किसी भी तरह का दुर्व्यवहार, छेड़छाड़ या उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी किसी घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।
हर थाने में रहेंगी पुलिस दीदी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को लेकर प्रत्येक थाने में पुलिस दीदी की मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी। किसी महिला को परेशानी होने, छेड़छाड़ अथवा दुर्व्यवहार की शिकायत मिलने पर पुलिस दीदी पीड़िता से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई में सहयोग करेंगी।
अधिकारियों ने महिलाओं से भी अपील की कि वे किसी भी प्रकार की परेशानी को छिपाएं नहीं, बल्कि समय रहते पुलिस को इसकी जानकारी दें। पुलिस का उद्देश्य महिलाओं के लिए सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण तैयार करना है।
सार्वजनिक स्थानों पर सम्मानजनक व्यवहार की अपील
स्कूटी रैली के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि महिलाओं की सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। आम लोगों से सड़क, बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं एवं युवतियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने की अपील की गई। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना की।
एसआई समेत कई पुलिसकर्मी रहे शामिल
रैली में एसआई रूबी कुमारी, विभा कुमारी और आभा कुमारी सहित कई पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल रहे। चौतरवा थाना परिसर पहुंचने पर थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार समेत थाना के अन्य पुलिसकर्मियों ने रैली में शामिल पुलिस दीदियों का स्वागत किया।
रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित इस स्कूटी रैली ने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के साथ समाज में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।


















