बगहा। उत्तर प्रदेश और नेपाल की सीमा से सटे बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में डायलिसिस सेंटर शुरू होने की उम्मीद अब बढ़ गई है। शुक्रवार की शाम बगहा विधायक राम सिंह ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्याम सोई संस्था की ओर से स्थापित किए जा रहे डायलिसिस सेंटर का जायजा लिया और मशीन की स्थापना समेत अन्य तैयारियों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि डायलिसिस मशीन की सेटिंग और सेंटर से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं का काम अंतिम चरण में है।
सब कुछ निर्धारित योजना के अनुसार रहा तो अगले सप्ताह से सेंटर का संचालन शुरू होने की संभावना है। सेंटर शुरू होने के बाद बगहा अनुमंडल और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के किडनी मरीजों को डायलिसिस के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे मरीजों और उनके परिजनों को समय के साथ आर्थिक परेशानी से भी राहत मिलने की उम्मीद है। विधायक राम सिंह ने कहा कि अनुमंडलीय अस्पताल में डायलिसिस सेंटर की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग लंबे समय से सरकार के समक्ष उठाई जा रही थी।

जनहित से जुड़ी इस मांग को स्वीकृति मिलने पर उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के प्रति आभार जताया। उन्होंने अस्पताल में चल रहे अन्य विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। विधायक ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके स्वजनों से भी मुलाकात की तथा उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और मरीजों को मिल रही सेवाओं के बारे में भी जानकारी ली।

इधर, डायलिसिस सेंटर के शुरू होने से पहले अस्पताल में पहले से मौजूद डायलिसिस मशीन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया जाता है कि राज्यसभा सांसद सतीश चंद्र दुबे की ओर से पूर्व में अनुमंडलीय अस्पताल को डायलिसिस मशीन उपलब्ध कराई गई थी। लेकिन यह मशीन लंबे समय से अस्पताल के एक कमरे में रखी हुई है और उसका इस्तेमाल नहीं हो सका है। अब श्याम सोई संस्था की ओर से नए सिरे से डायलिसिस सेंटर का संचालन किया जाना है।

ऐसे में सांसद की ओर से उपलब्ध कराई गई मशीन का भविष्य में क्या उपयोग होगा, यह सवाल बना हुआ है। अस्पताल परिसर में मशीन के बंद पड़े रहने को लेकर भी चर्चा होती रही है। विधायक के निरीक्षण के दौरान इस मुद्दे पर भी चर्चा हुई। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन की ओर से सांसद द्वारा उपलब्ध कराई गई मशीन के उपयोग और उसकी वर्तमान स्थिति को लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
अब लोगों की नजर इस बात पर है कि नया डायलिसिस सेंटर निर्धारित समय पर शुरू होता है या नहीं और पहले से उपलब्ध मशीन का उपयोग किस प्रकार किया जाता है। इस दौरान भाजपा के जिला उपाध्यक्ष रितु जायसवाल, विजय साहू आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।


















