कोचिंग छात्र की संदिग्ध मौत मामले में बगहा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, हर पहलू की होगी निष्पक्ष जांच : एसपी राजेश कुमार
बगहा पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि हरनाटांड़ थाना क्षेत्र स्थित बनकटवा रोड पर संचालित कौटिल्य कोचिंग संस्थान सह आवासीय हॉस्टल में एक छात्र की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है।
एसपी ने बताया कि 10 जुलाई 2026 को सुबह लगभग 10:40 बजे दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली कि कोचिंग संस्थान के छात्र की शिक्षक एवं संस्थान संचालक द्वारा मारपीट किए जाने के बाद मौत हो गई है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों एवं एफएसएल टीम को सूचित करते हुए पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल निरीक्षक तथा एफएसएल टीम ने पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्यों का संग्रह किया। प्रारंभिक पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि मृतक छात्र प्रिंस कुमार के साथ बीती रात शिक्षक एवं संचालक द्वारा मारपीट किए जाने की बात सामने आई है।

पुलिस ने शव को विधिसम्मत कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, बगहा भेज दिया है। एसपी राजेश कुमार ने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल रिपोर्ट एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रही है।















