
पश्चिम चंपारण। जिले के बगहा में इन दिनों पेट्रोल और डीजल की किल्लत ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। लोग घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद भी पर्याप्त मात्रा में तेल नहीं पा रहे हैं। नगर स्थित कैलाश बैठा पेट्रोल पंप पर हालात ज्यादा गंभीर दिखे, जहां सैकड़ों बाइक और अन्य वाहन तेल लेने के लिए कतार में खड़े नजर आए। कई लोगों ने बताया कि लंबे इंतजार के बाद भी सीमित मात्रा में ही पेट्रोल-डीजल मिल रहा है। इस संकट का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ रहा है। गन्ने की फसल की सिंचाई के लिए डीजल जरूरी है, लेकिन समय पर उपलब्ध नहीं होने से खेती प्रभावित हो रही है। किसान घंटों लाइन में लगने के बाद भी निराश लौट रहे हैं।स्थिति तब और बिगड़ जाती है जब कुछ पेट्रोल पंपों पर “मशीन खराब” का बोर्ड लगाकर आपूर्ति रोक दी जाती है। इससे लोगों की परेशानी और बढ़ रही है। इधर, पेट्रोल पंपों के आसपास ब्लैक मार्केटिंग का खेल भी तेज हो गया है। सड़क किनारे गैलन में पेट्रोल-डीजल ऊंचे दामों पर बेचे जाने की शिकायतें मिल रही हैं। कुछ लोग बाइक से पेट्रोल लाकर उसे गैलन में भरकर बेच रहे हैं। अनुमंडल आपूर्ति पदाधिकारी प्रशांत कुमार पांडे ने बताया कि तेल की कोई वास्तविक कमी नहीं है, बल्कि एजेंसियों द्वारा समय पर भुगतान नहीं करने से आपूर्ति बाधित हुई है। उन्होंने जल्द स्थिति सुधारने का भरोसा दिया है।



