मुखिया पायल मिश्रा ने किया उद्घाटन, बच्चों व गर्भवती महिलाओं को मिलेगा सीधा लाभ
बगहा। संवाददाता।पतिलार में स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक और अधिक सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सीओपीडी द्वारा संचालित टीकाकरण केंद्र का उद्घाटन वार्ड संख्या 11 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में मुखिया पायल मिश्रा के द्वारा किया गया। उद्घाटन के अवसर पर, स्वास्थ्यकर्मी, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

इस अवसर पर मुखिया पायल मिश्रा ने कहा कि टीकाकरण बच्चों और आम नागरिकों को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। सरकार और स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाओं को पहुंचाना है।उन्होंने कहा कि वार्ड 11 के आंगनबाड़ी केंद्र में टीकाकरण केंद्र शुरू होने से आसपास के लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। अब ग्रामीणों को टीकाकरण के लिए दूर-दराज के स्वास्थ्य केंद्रों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।

विशेष रूप से छोटे बच्चों और गर्भवती महिलाओं को इस केंद्र का सीधा लाभ मिलेगा।
पायल मिश्रा ने लोगों से अपील की कि वे टीकाकरण को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और समय पर अपने बच्चों एवं परिवार के सदस्यों का आवश्यक टीकाकरण अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।उन्होंने आगे कहा कि पंचायत क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा और जनकल्याण से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
आने वाले समय में भी लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।टीकाकरण केंद्र के उद्घाटन को स्थानीय लोगों ने एक सराहनीय पहल बताया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि इस केंद्र के नियमित संचालन से वार्ड संख्या 11 और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।


















