दुर्व्यवहार, भेदभाव और अव्यवस्था के आरोपों से मचा हड़कंप, जांच के बाद कार्रवाई के संकेत


पश्चिमी चंपारण।प्रखंड बगहा एक स्थित +2 उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मेहुडा में छात्रों के आरोपों के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है। सोमवार को छात्र-छात्राओं ने काला बिल्ला लगाकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया और विद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। छात्रों ने प्रधानाध्यापक चार्ली राफेल और सहायक शिक्षक प्रमोद सिंह पर दुर्व्यवहार, अनुशासनहीनता और पढ़ाई का माहौल बिगाड़ने के गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है और कुछ शिक्षक छात्रों के साथ अनुचित व्यवहार करते हैं, जिससे पढ़ाई बाधित हो रही है। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने आरोप लगाया कि प्रैक्टिकल परीक्षा में पक्षपात किया जाता है और भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया जाता है। कुछ छात्राओं ने अभद्र भाषा के प्रयोग का भी आरोप लगाया। साथ ही विद्यालय परिसर में साफ-सफाई, कक्षा संचालन और अन्य व्यवस्थाओं में लापरवाही की शिकायत भी सामने आई। मामले की सूचना मिलते ही भैरोगंज थानाध्यक्ष सीता केवट पुलिस बल के साथ विद्यालय पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की मौजूदगी में माहौल शांत हुआ। वहीं, सहायक शिक्षक प्रमोद सिंह ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी पूरण कुमार शर्मा ने बताया कि छात्राओं की शिकायत पहले भी मिली थी, जिसके आधार पर विद्यालय का निरीक्षण किया गया था। उन्होंने कहा कि क्लासरूम, रूटीन और स्मार्ट क्लास से जुड़ी समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए गए थे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्व्यवहार और भेदभाव के आरोपों की गंभीरता से जांच की जाएगी। अभिभावकों के साथ बैठक कर तथ्य जुटाए जाएंगे और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



