बगहा। नगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 34 स्थित मलाही टोला छठ घाट के किनारे मंगलवार सुबह एक अज्ञात करीब 40 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर नगर थाना के अवर निरीक्षक उदय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पानी से बाहर निकलवाया।
पुलिस के मुताबिक शव करीब दो सप्ताह पुराना प्रतीत हो रहा है। नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि हरहा नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण आशंका है कि शव बहकर यहां पहुंचा होगा। शव के साथ एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। पुलिस मोबाइल में उपलब्ध जानकारी के आधार पर मृतक की पहचान और घटना से जुड़े सुराग तलाश रही है।

शव काफी सड़ जाने के कारण पहचान में परेशानी हो रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है। मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों के साथ जिले के अन्य थानों को भी सूचना दी गई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है।
जांच-पड़ताल में जूटी पुलिस रिपोर्ट आनें का है इंतजार

















