लापता बच्चे की सकुशल बरामदगी सबसे बड़ी प्राथमिकता है : जय सिंह
बगहा।नगर के वार्ड संख्या-26 स्थित रामधाम मंदिर मोहल्ले से लापता 11 वर्षीय गौतम कुमार की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर शनिवार की शाम परिजनों और स्थानीय लोगों ने कैंडल मार्च निकाला। बगहा विधानसभा के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी जय सिंह के नेतृत्व में निकाले गए मार्च में दर्जनों लोग शामिल हुए। लोगों ने हाथों में मोमबत्ती लेकर बच्चे की जल्द बरामदगी की मांग की।मार्च में शामिल लोगों ने पुलिस-प्रशासन से लापता बच्चे की तलाश तेज करने और उसे जल्द से जल्द सकुशल बरामद करने की अपील की।
कैंडल मार्च रामधाम मंदिर मोहल्ले से शुरू होकर नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरा। इस दौरान लोगों ने बच्चे की बरामदगी को लेकर आवाज बुलंद की।जानकारी के अनुसार, गौतम कुमार वार्ड संख्या-26 निवासी तुलसी शाह का पुत्र है। परिजनों के अनुसार, वह पिछले कई दिनों से लापता है। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। बच्चे के अचानक लापता होने से परिवार के लोग चिंतित हैं।
परिजनों ने आसपास के इलाकों के साथ रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी उसकी तलाश की, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली।कैंडल मार्च के दौरान परिजनों की आंखों में बच्चे को लेकर चिंता साफ नजर आई। लोगों ने कहा कि गौतम की सकुशल बरामदगी के लिए हरसंभव प्रयास किया जाना चाहिए। परिजनों ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए बच्चे की तलाश के लिए अभियान तेज करने की मांग की।वहीं, पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी जय सिंह ने कहा कि लापता बच्चे की सकुशल बरामदगी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
प्रशासन और पुलिस को मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए बच्चे का पता लगाना चाहिए। मार्च में शामिल लोगों ने उम्मीद जताई कि गौतम जल्द ही अपने परिवार के बीच सुरक्षित लौटेगा।





















