पश्चिम चंपारण के लौरिया प्रखंड में 4283 राशन कार्डधारियों की पहचान ऐसे लाभुकों के रूप में की गई है जो सरकार के तय मापदंड पर खरे नहीं उतरते और गरीबी रेखा की श्रेणी में नहीं आते, फिर भी राशन का लाभ ले रहे थे.

प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी राकेश रंजन ने बताया कि जांच के दौरान 4283 ऐसे राशन कार्डधारियों की पहचान हुई है, जो अपात्र होने के बावजूद राशन उठा रहे हैं.
जांच में सामने आया कि चिन्हित लाभुकों में कई लोग इनकम टैक्स पेई हैं, जबकि कई के पास चार पहिया वाहन भी हैं। ऐसे लोगों को गरीबों की श्रेणी में नहीं माना जाता, इसलिए उनका नाम राशन कार्ड से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
रिपोर्ट के मुताबिक, इन लोगों के खिलाफ नरकटियागंज अनुमंडल से नोटिस जारी किया गया है। अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर इन राशन कार्डधारियों का कार्ड निरस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
राकेश रंजन ने यह भी बताया कि लौरिया प्रखंड में अभी तक करीब 39 हजार उपभोक्ताओं ने e-KYC नहीं कराया है। ऐसे लाभुकों को जल्द से जल्द e-KYC कराने का निर्देश दिया गया है.
